आजमगढ़। सहायक अध्यापक की नौकरी दिलाने का झांसा देकर 2.30 लाख रुपये ठगने के मामले में मेहनाजपुर पुलिस ने 58 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने खुद को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) कार्यालय आजमगढ़ का कर्मचारी बताकर पीड़ित को फर्जी परिचय पत्र दिखाया और नौकरी लगवाने के नाम पर 2.30 लाख रुपये ले लिए। इसके बाद उसे फर्जी नियुक्ति पत्र भी थमा दिया।
ज्वाइनिंग करने पहुंचा तो खुला फर्जीवाड़ा
मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के हिलालपुर निवासी लक्ष्मन विश्वकर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बेला कलीचपुर निवासी हरिश्चन्द्र उर्फ हरिचरन राम ने खुद को बीएसए कार्यालय का कर्मचारी बताते हुए सहायक अध्यापक की नौकरी लगवाने का भरोसा दिया था। उसकी बातों पर विश्वास कर लक्ष्मन ने उसे 2.30 लाख रुपये दे दिए।
कुछ दिन बाद आरोपी ने उसे सहायक अध्यापक पद का नियुक्ति पत्र दिया। पीड़ित जब नियुक्ति पत्र लेकर ज्वाइनिंग करने पहुंचा तो संबंधित स्तर पर जांच के दौरान दस्तावेज फर्जी होने की जानकारी हुई। इसके बाद पीड़ित ने आरोपी से रुपये वापस मांगे, लेकिन वह लगातार टालमटोल करता रहा।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने शुरू की जांच
मामले की शिकायत पर मेहनाजपुर पुलिस ने धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने व इस्तेमाल करने से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में अन्य संबंधित धाराएं भी जोड़ी गईं।
मानिकपुर मोड़ से गिरफ्तार
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मेहनाजपुर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 30 सितंबर को दोपहर करीब 2:10 बजे मानिकपुर मोड़ से हरिश्चन्द्र उर्फ हरिचरन राम को गिरफ्तार कर लिया।
फर्जी आईडी, मुहर और 10 हजार रुपये बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय, आजमगढ़ का फर्जी परिचय पत्र, बीएसए की फर्जी मुहर, आधार कार्ड, मोबाइल फोन और 10 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, बरामद फर्जी परिचय पत्र और मुहर मामले में लगाए गए आरोपों की जांच के महत्वपूर्ण साक्ष्य हैं। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
ये हुई कार्रवाई
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरिश्चन्द्र उर्फ हरिचरन राम पुत्र रामफेर राम, निवासी बेला कलीचपुर, थाना मेहनाजपुर, आजमगढ़, उम्र करीब 58 वर्ष के रूप में हुई है।
गिरफ्तार करने वाली टीम
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रशान्त पाण्डेय, हेड कांस्टेबल कालिका यादव और कांस्टेबल पुनीत सिंह शामिल रहे।
![]() |
| पकड़ा गया आरोपी |
रिपोर्ट:अमित कुमार सिंह
एडिटर इन चीफ(परमार टाईम्स)
parmartimes@gmail.com

एक टिप्पणी भेजें