तहसील में प्रार्थना पत्र देने पहुंची मेहनाजपुर की महिला की बिगड़ी तबीयत, इलाज के दौरान मौत

तहसील में प्रार्थना पत्र देने पहुंची मेहनाजपुर की महिला की बिगड़ी तबीयत, इलाज के दौरान मौत

आजमगढ़। लालगंज तहसील परिसर में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जमीन संबंधी विवाद को लेकर प्रार्थना पत्र देने पहुंची 70 वर्षीय महिला की अचानक तबीयत बिगड़ गई। महिला चक्कर आने के बाद तहसील परिसर में ही गिर पड़ीं। आनन-फानन में तहसीलदार और न्यायिक तहसीलदार उन्हें सरकारी वाहन से सौ शैय्या अस्पताल लालगंज लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।

जमीन विवाद को लेकर एसडीएम को देने आई थीं प्रार्थना पत्र
जानकारी के अनुसार सुमित्रा मौर्या (70) पत्नी रामप्रसाद मौर्या, निवासी ग्राम भगवानपुर, थाना मेहनाजपुर, का अपने पाटीदार से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी मामले को लेकर वह सोमवार को लालगंज तहसील पहुंची थीं। बताया गया कि उन्होंने अपनी समस्या के संबंध में उपजिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया।
प्रार्थना पत्र देने के बाद जब वह तहसील परिसर से बाहर निकल रही थीं, तभी अचानक उन्हें चक्कर आया और वह जमीन पर गिर पड़ीं। महिला के अचानक गिरने से मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
तहसीलदार और न्यायिक तहसीलदार ने पहुंचाया अस्पताल
महिला के गिरने की जानकारी मिलते ही तहसीलदार शिवप्रकाश सरोज और न्यायिक तहसीलदार विवेकानन्द दूबे तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना देर किए महिला को अपनी सरकारी गाड़ी से लालगंज स्थित सौ शैय्या अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने महिला का उपचार शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
एसडीएम नेहा मिश्रा ने अस्पताल का किया निरीक्षण
महिला की मौत की सूचना मिलने के बाद उपजिलाधिकारी लालगंज नेहा मिश्रा भी सौ शैय्या अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के साथ चिकित्सकों की उपस्थिति की भी जांच की।
निरीक्षण के दौरान चार चिकित्सक अनुपस्थित मिले। इस पर एसडीएम ने नाराजगी जताई और अस्पताल प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने मरीजों को समय से उपचार उपलब्ध कराने तथा चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा।
एसडीएम ने अस्पताल की व्यवस्थाओं, चिकित्सकीय सेवाओं और स्टाफ की मौजूदगी से संबंधित जानकारी भी ली। निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रशासन में भी हलचल रही।
घटना के बाद परिजनों में शोक
70 वर्षीय सुमित्रा मौर्या की अचानक हुई मौत से परिवार में मातम छा गया। परिजनों के अनुसार वह जमीन संबंधी विवाद को लेकर अपनी समस्या के समाधान के लिए तहसील पहुंची थीं। इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई। प्रशासन और पुलिस की ओर से मामले से संबंधित आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।

मृतका सुमित्रा मौर्या,फाइल फोटो 

रिपोर्ट:अमित कुमार सिंह
एडिटर इन चीफ(परमार टाईम्स)
parmartimes@gmail.com

0/Post a Comment/Comments

और नया पुराने