आजमगढ़। जिले में कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग को लेकर एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने सोमवार देर रात बड़ा प्रशासनिक एक्शन लिया। रात करीब 1 बजे दो थाना प्रभारियों को निलंबित कर दिया गया। दोनों पर ड्यूटी में लगातार लापरवाही, विवेचनाओं को समय से पूरा नहीं करने और अधिकारियों के निर्देशों का पालन नहीं करने के आरोप सामने आए थे।
निलंबित होने वालों में अहिरौला थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर मंतोष सिंह और अतरौलिया थाना प्रभारी देवेंद्र नाथ दुबे शामिल हैं।
लंबित विवेचनाओं पर एसएसपी सख्त
एसएसपी की जांच में दोनों थाना प्रभारियों की कार्यप्रणाली में लापरवाही सामने आई। कई मामलों की विवेचनाएं लंबे समय से लंबित थीं और निर्धारित समयसीमा में उनका निस्तारण नहीं किया जा रहा था। अधिकारियों की ओर से निर्देश दिए जाने के बावजूद विवेचनाओं के निस्तारण में अपेक्षित रुचि नहीं दिखाई गई।
अहिरौला थाना प्रभारी मंतोष सिंह के खिलाफ लगातार शिकायतें मिलने की बात भी सामने आई। आरोप है कि अधिकारियों के निर्देश के बावजूद कई मामलों में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई और कुछ मामलों में अधिकारियों को सही जानकारी भी नहीं दी गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने दोनों थाना प्रभारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
अन्य थाना प्रभारी भी रडार पर
पुलिस विभाग में कुछ अन्य थाना प्रभारियों की कार्यप्रणाली पर भी एसएसपी की नजर बनी हुई है। अधिकारियों की ओर से स्पष्ट संकेत दिए गए हैं कि यदि कार्यप्रणाली में सुधार नहीं हुआ तो संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।
6 थाना-चौकी प्रभारियों के कार्यक्षेत्र बदले
निलंबन की कार्रवाई के साथ एसएसपी ने 6 थाना एवं चौकी प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। पुलिस लाइन से अश्वनी कुमार दुबे को अतरौलिया थाने का प्रभारी बनाया गया है। वहीं शहर कोतवाली की ब्रह्मस्थान चौकी के प्रभारी राम किशोर शर्मा को अहिरौला थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जहानागंज थाना प्रभारी अतुल कुमार मिश्रा को बिलरियागंज थाने का प्रभारी बनाया गया है, जबकि बिलरियागंज थाना प्रभारी अमित कुमार मिश्रा को जहानागंज थाने की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा सब इंस्पेक्टर प्रियंका तिवारी को पुलिस लाइन से शहर कोतवाली की ब्रह्मस्थान चौकी का प्रभारी बनाया गया है। वहीं पुलिस लाइन से सब इंस्पेक्टर मोहम्मद सत्तार को मुबारकपुर थाने भेजा गया है।
सभी स्थानांतरित पुलिसकर्मियों को तत्काल नए तैनाती स्थल पर पहुंचकर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
एक नजर में कार्रवाई
- 2 थाना प्रभारी निलंबित
- 6 थाना-चौकी प्रभारियों के कार्यक्षेत्र बदले
- लंबित विवेचनाओं पर सख्ती
- अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी पर कार्रवाई
- अन्य थाना प्रभारियों की कार्यप्रणाली पर भी नजर।
![]() |
| एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ,आजमगढ़ |
रिपोर्ट:अमित कुमार सिंह
एडिटर इन चीफ(परमार टाईम्स)
parmartimes@gmail.com

एक टिप्पणी भेजें