लखनऊ। जौनपुर के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ और कृष्णा हार्ट केयर कैथ लैब के प्रधान निदेशक डॉ. हरेंद्र देव सिंह को चिकित्सा एवं आपातकालीन सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘एलीट ऑनर ऑफ एक्सीलेंस’ से सम्मानित किया गया। लखनऊ स्थित अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के सभागार में शनिवार को आयोजित चिकित्सा सम्मेलन में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
सोसाइटी ऑफ एक्यूट केयर, ट्रॉमा एंड इमरजेंसी मेडिसिन (SACTEM) के तत्वावधान में आयोजित सम्मेलन में चिकित्सा, स्वास्थ्य और आपातकालीन सेवाओं से जुड़े देशभर के विशेषज्ञ जुटे। डॉ. हरेंद्र देव सिंह को यह सम्मान चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित घोष ने प्रदान किया।
समारोह में पद्मश्री डॉ. सुब्रतो दास, राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) के अध्यक्ष डॉ. अभिजात सेठ, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की सचिव सुश्री पिंकी जोयल सहित चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।
ढाई दशक की सेवा, उपलब्धियों का सिलसिला
डॉ. हरेंद्र देव सिंह की करीब 25 वर्षों की चिकित्सा यात्रा हृदय रोग उपचार, आपातकालीन चिकित्सा और स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़ी रही है। मरीजों को बेहतर और समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराने के साथ उन्होंने हृदय रोगों के प्रति लोगों को जागरूक करने के क्षेत्र में भी लगातार काम किया है।
उनके चिकित्सा योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिली है। उन्हें नेशनल इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के अध्यक्ष की ओर से ‘A.K.N. Sinha Award for Excellence’ से सम्मानित किया जा चुका है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री की ओर से उन्हें ‘Health Warrior’ के रूप में सम्मान मिला, जबकि राज्यसभा के उपाध्यक्ष ने भी चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में उनके योगदान को सराहा है।
India Today द्वारा भी उन्हें ‘Health Warrior’ के रूप में स्थान दिया जा चुका है। इसके अलावा ‘STEMI Hero’ समेत कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से डॉ. सिंह सम्मानित हो चुके हैं।
‘हर मिनट कीमती, समय पर इलाज जरूरी’
सम्मेलन में हृदयाघात, STEMI, कार्डियक अरेस्ट और अन्य गंभीर आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर उपचार उपलब्ध कराने पर विशेषज्ञों ने विस्तार से चर्चा की। मरीज को अस्पताल पहुंचाने में होने वाली देरी को कम करने और स्वर्णिम समय के भीतर उपचार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
विशेषज्ञों ने कहा कि हृदयाघात के मामलों में शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। समय रहते सही पहचान और उपचार मिलने से गंभीर स्थिति को नियंत्रित करने के साथ मरीज की जान बचाने की संभावना भी बढ़ जाती है।
डॉ. हरेंद्र देव सिंह ने कहा कि हृदयाघात जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में प्रत्येक मिनट महत्वपूर्ण होता है। सही समय पर सही उपचार मिलने से अनेक जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।
जौनपुर के लिए भी गौरव
चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में करीब ढाई दशक के योगदान के बाद डॉ. हरेंद्र देव सिंह को मिला ‘एलीट ऑनर ऑफ एक्सीलेंस’ उनके सम्मान-क्रम में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस उपलब्धि को जौनपुर के चिकित्सा क्षेत्र के लिए भी गौरवपूर्ण माना जा रहा है।
![]() |
| डॉक्टर हरेन्द्र देव सिंह,फाइल फोटो |
रिपोर्ट:अमित कुमार सिंह
एडिटर इन चीफ(परमार टाईम्स)
parmartimes@gmail.com

एक टिप्पणी भेजें