जौनपुर। जनपद के अग्रणी दवा संगठन केमिस्ट एंड कॉस्मेटिक वेलफेयर एसोसिएशन ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा ड्रग कंट्रोलर को पत्र लिखकर पूरे प्रदेश में कोविड काल के दौरान जनता की सेवा करते हुए कोरोनावायरस की चपेट में आकर अपनी जान गवा बैठे दवा व्यवसायियों के वर्तमान लाइसेंसों को उनके आश्रितों के नाम यथाशीघ्र जारी किए जाने की मांग की है। मुख्यमंत्री को भेजे गए अपने मेल संदेश में संगठन ने मांग की है कि ऐसे सभी लाइसेंस धारक जिनका निधन कोरोना काल के दौरान हुआ है उनके लाइसेंस बिना किसी अतिरिक्त औपचारिकता के यथा स्थिति के आधार पर उनके आश्रितों के नाम जारी कर दिए जाएं। जिससे उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा ना होने पाए।
संगठन के अध्यक्ष महेंद्र गुप्ता के अनुसार जनपद में दर्जन भर से ज्यादा दवा व्यवसायियों ने कोरोना काल में जरूरतमंदों को दवाओं की आवश्यकता पूरी करने में किए जा रहे योगदान के दौरान संक्रमित होकर अपनी जान गवाई। जबकि प्रदेश में यह संख्या हजारों में है ।इसमें से कई ऐसे व्यवसायी हैं ,जो स्वयं लाइसेंस धारक थे। उनके निधन से उनके नाम से जारी लाइसेंस के स्वत: निरस्त हो जाने के बाद उनका व्यवसाय ठप पड़ गया है। जिससे पूरे परिवार के सामने भुखमरी की हालात पैदा हो गए हैं।
इन विषम परिस्थितियों में सरकार को आगे आना चाहिए और प्राथमिकता के आधार पर उनके लाइसेंस उनके आश्रितों के नाम पूर्वत शर्तों के आधार पर ही तत्काल जारी करा देना चाहिए।
संगठन के संयोजक दिलीप गुप्ता ने पीड़ित परिवारों के साथ अपनी सहानुभूति साझा करते हुए अपील की है कि ऐसे लाइसेंस जारी होने में किसी भी तरह की समस्या आने पर तत्काल संगठन को सूचित करें। ऐसे मामलों के वैधानिक हल निकालने के लिए हम कृत संकल्प है।
रिपोर्ट: अमित कुमार सिंह
जर्नलिस्ट
a.singhjnp@gmail.com

एक टिप्पणी भेजें