आगरा । शादी होने के साथ ही क्या क्या ख्वाब सजाए थे। पति ने ससुराल वालों ने बहू पर लाड़ लुटाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। जेवर से लेकर अल्मारी तक की चाबियां 'गृहलक्ष्मी' के सुपुर्द कर दीं।
पति और पत्नी, दोनों के ही हाथों से मेंहदी का रंग उतर भी नहीं पाया था कि दुल्हन सारे जेवर बटोरकर फुर्र हो गई। पति ने अपने स्तर से तमाम कोशिशें कीं लेकिन फायदा कुछ नहीं हुआ। अब पति अदालत की शरण में है। अदालत ने पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
दुल्हन के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा
मामला आगरा के कमला नगर थाना क्षेत्र के बल्केश्वर इलाके का है। यहां शादी के दस दिन बाद ही दुल्हन जेवरात लेकर गायब हो गई। पति ने पुलिस में शिकायत की तो उसने मुकदमा दर्ज नहीं किया। पति द्वारा अदालत में परिवाद के लिए प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया था। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रदीप कुमार ने दुल्हन समेत पांच के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में ख्यानत के आरोप में परिवाद दर्ज करने के आदेश किए।
आर्य समाज मंदिर में हुई थी शादी
बल्केश्वर निवासी अमित गुप्ता ने परिवाद प्रस्तुत किया था। जिसके अनुसार उनकी शादी 15 सितंबर 2021 को फिरोजाबाद की रहने वाली प्रिया से आर्य समाज मंदिर में हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद पत्नी का भाई सचिन घर पर आया। उसने कहा कि पिता जेल में हैं, उनकी जमानत के लिए डेढ़ लाख रुपये चाहिए। उन्होंने सचिन को रुपये दे दिए। पत्नी प्रिया भी भाई के साथ पुश्तैनी जेवरात लेकर चली गई। जिसके बाद उसने अपना फोन बंद कर लिया। जिसकी शिकायत पुलिस में करने पर सुनवाई नहीं हुई। पति अमित ने परिवाद में पत्नी, साले सचिन के अलावा मौसेरी सास, लाखन व श्रीयश को आरोपित बनाया है। साभार जेएनएन।
![]() |
सांकेतिक चित्र |
रिपोर्ट: अमित कुमार सिंह
जर्नलिस्ट
a.singhjnp@gmail.com
एक टिप्पणी भेजें