जौनपुर। शहर की सड़कों पर बेतरतीब दोपहिया और चार पहिया वाहनों को खड़ा कर इधर उधर घूमने और खरीदारी करने वालों की अब खैर नहीं है। ऐसे लापरवाह वाहन चालकों और वाहन मालिकों पर प्रशासन की भृकुटि तन गई है। सिटी मजिस्ट्रेट देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में बुधवार को गांधी तिराहा से जेसीज चौराहे तक अभियान चलाकर कार्रवाई की गई। इसमें कई वाहनों से 11 हजार रुपये का चालान भी काटा गया।
अभियान दोपहर तीन बजे से पांच बजे तक चला। इसमें आठ चार पहिया वाहन व छह बाइक से मौके पर सात हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। प्रत्येक वाहनों से 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। जेसीज चौराहा पर बेतरतीब खड़ी एक बस से एक हजार रुपये मौके पर जुर्माना लिया गया। वहीं आड़े तिरछे वाहनों को खड़े करके गायब वाहन स्वामियों के वाहन का भी ऑनलाइन चालान किया गया। कुल छह वाहनों का तीन हजार का चालान हुआ। इसके पूर्व आंबेडकर तिराहा के पास इधर-उधर खड़े ठेला चालकों को वेंडिंग जोन में ही ठेला खड़ा करने की चेतावनी दी गई। जिससे जाम न लगने पाए। सिटी मजिस्ट्रेट देवेंद्र सिंह ने कहा कि आए दिन अभियान चलाकर सड़कों पर आड़े तिरछे खड़े वाहनों का चालान किया जाएगा। इसलिए लोग स्वयं जागरूकता का परिचय दें, जिससे जाम न लगने पाए। साभार ए. यू।
![]() |
रिपोर्ट: अमित कुमार सिंह
जर्नलिस्ट
a.singhjnp@gmail.com
एक टिप्पणी भेजें