कासगंज। उत्तर प्रदेश के कुख्यात माफिया डॉन मुख्तार अंसारी के बेटे और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के विधायक अब्बास अंसारी को कासगंज जेल में जान से मारे जाने का डर सता रहा है।
मुख्तार अंसारी के दूसरे बेटे उमर अंसारी ने यूपी के प्रमुख सचिव को चिट्ठी लिखकर अब्बास अंसारी को कासगंज जेल से किसी दूसरे जेल में ट्रांसफर करने की गुहार लगाई है। इस चिट्ठी के सामने आने के बाद चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है कि आखिर माफिया डॉन के विधायक बेटे को किससे जान का डर का सता रहा है।
इन दो बाहुबलियों से खतरे का हवाला
कासगंज जेल में बंद मुख्तार के बेटे विधायक अब्बास अंसारी के जान जाने के डर के बारे में उसके भाई उमर अंसारी ने चिट्ठी में लिखा है कि यूपी के ही बाहुबली बृजेश सिंह और धनंजय सिंह उसकी हत्या करवा सकते हैं। उत्तर प्रदेश सरकार को लिखे पत्र में उमर अंसारी ने लिखा है कि दोनों बाहुबली अब्बास अंसारी के लिए कासगंज जेल में ही कैद आजमगढ़ के गैंगस्टर ध्रुव सिंह उर्फ कुंटू सिंह का इस्तेमाल कर सकते हैं। आइए, जानते हैं कि ये ध्रुव सिंह उर्फ कुंटू सिंह कौन है, जिससे विधायक अब्बास अंसारी को जान का डर है।
कौन है ध्रुव सिंह उर्फ कुंटू सिंह
ध्रुव सिंह उर्फ कुंटू सिंह यूपी के आजमगढ़ का रहने वाला है। फिलहाल वह कासगंज की जेल में बंद है। लखनऊ के चर्चित अजीत सिंह हत्याकांड में ध्रुव सिंह उर्फ कुंटू सिंह मास्टरमाइंड था। ध्रुव सिंह उर्फ कुंटू सिंह अजीत सिंह हत्याकांड के अलावा साल 2013 में बसपा के पूर्व विधायक सर्वेश उर्फ सीपू सिंह की दिनदहाड़े गोली मारकर की गई हत्या मामले में भी आरोपी है। ध्रुव सिंह उर्फ कुंटू सिंह को बाहुबली धनंजय सिंह का शूटर भी बताया जाता है। साल 2021 में गिरफ्तार कर उसे कासगंज जेल लाया गया था। ध्रुव सिंह उर्फ कुंटू सिंह और अब्बास अंसारी की दुश्मनी पहले से जगजाहिर है।साभार जनसत्ता।
![]() |
फाइल फोटो |
रिपोर्ट: अमित कुमार सिंह
जर्नलिस्ट
a.singhjnp@gmail.com
एक टिप्पणी भेजें