आजमगढ़ । मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के लालमऊ वन के समीप गल्ला कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। अभी तक जो जानकारी मिली है उसका प्रमुख कारण जमीन विवाद हैं।
शुक्रवार की देर शाम बाइक सवार दो बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। स्थानीय पुलिस के साथ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
गाजीपुर जिले के सादात थाना क्षेत्र के बरेहता खिदिरगंज निवासी पिंटू जायसवाल (38) पुत्र भृगुनाथ जायसवाल का खिदिरगंज बाजार में गल्ला का व्यवसाय है। वे आसपास के क्षेत्रों में जाकर किसानों से गल्ला खरीदते थे। परिजनों का कहना है कि गल्ला खरीदने के सिलसिले में पिंटू शुक्रवार सुबह मेहनाजपुर की ओर गए थे। देर शाम लगभग सवा छह बजे बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में लालमऊ वन के समीप बाइक से आए दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर उनकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर असलहा लहराते हुए फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मेहनाजपुर थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार मिश्रा फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। हत्या की सूचना परिजनों को दी। खबर मिलने पर परिवार के लोग भी आ गए। मृतक के छोटे भाई अखिलेश जायसवाल ने बताया कि पिंटू ने मेहनाजपुर क्षेत्र के रामपुर पाल्हन में कुछ वर्ष पूर्व जमीन का बैनामा कराया था।
इस जमीन पर कब्जे को लेकर कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते पिंटू की हत्या की गई है। पिंटू के दो बेटे और दो बेटियां हैं। उनकी मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। एसपी अनुराग आर्य ने बताया कि जमीन के विवाद में हत्या की बात सामने आ रही है। जांच की जा रही है। साभार एचटी।
देखे वीडियो 👇
https://twitter.com/ParmarTimes/status/1712868383228858424?t=QJkuqQmAULOuyvN_zru8Ag&s=19
![]() |
फाइल फोटो |
रिपोर्ट: अमित कुमार सिंह
जर्नलिस्ट
a.singhjnp@gmail.com
एक टिप्पणी भेजें