कन्नौज। कानपुर के चौबेपुर में दो जुलाई 2020 को हुए बिकरू कांड को दोहराने के इरादे से हिस्ट्रीशीटर पिता उसके पुत्र ने पुलिस पर हमला किया था। राजकीय मेडिकल कालेज में भर्ती गोली लगने से घायल पिता-पुत्र में पुलिस का कोई खौफ नहीं है।
पुलिस के सामने ही पिता से ज्यादा तेवर में बेटा बोला, वो बंदूक की नाल फट गई, वर्ना पुलिस को बिकरू कांड की याद दिलाते।
विशुनगढ़ थाना क्षेत्र के धरनी धरपुर नगरिया गांव निवासी अशोक यादव उर्फ मुन्नू लाल व उसके नाबालिग बेटे को पुलिस ने घुटनों में गोली मारकर पकड़ा था। दोनों को राजकीय मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। हालांकि आरोपितों से मिलने के लिए पुलिस किसी को इजाजत नहीं दे रही है। उनके पास चेकअप के लिए पुलिस की निगरानी में डाक्टर पहुंचते रहे।
डॉक्टर ने पूछा सवाल
कमरे के अंदर व बाहर पुलिस तैनात है। इसके अलावा सौरिख पुलिस भी सुरक्षा को लेकर मेडिकल कालेज में आई। इलाज के दौरान जब डाक्टर ने आरोपितों से पूछा कि क्या घटना हुई?
इस पर हिस्ट्रीशीटर अशोक यादव कुछ बोल पाता, उससे पहले तेवर दिखाते हुए बेटे ने कहा, पुलिस की किस्मत अच्छी थी कि हमारी बंदूक की नाल फट गई। वर्ना यहां भी बिकरू कांड दिखाई देता। पुलिस के सामने ये तेवर और बातों को सुनकर डाक्टर भी भौचक्के रहे गए। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि सुरक्षा में कोई चूक नहीं होने दी जाएगी। पूरी निगरानी की जा रही है।
हिस्ट्रीशीटर के मकान की हुई पैमाइश, ध्वस्तीकरण का नहीं मिला आधार
हिस्ट्रीशीटर के मकान पर बुलडोजर चलाने के लिए राजस्व टीम ने नापजोख की। मंगलवार को करीब पांच घंटे तक हुई पैमाइश में पाया गया कि हिस्ट्रीशीटर ने अपनी ही जमीन पर मकान बनवाया है। मंगलवार को धरनीधरपुर नगरिया फोर्स के साथ एसडीएम उमाकांत तिवारी, नायब तहसील भरत मौर्या राजस्व टीम लेकर पहुंचे।
अधिकारियों ने की पैमाइश
यहां हिस्ट्रीशीटर अशोक उर्फ मुन्नू के मकान की पैमाइश की। अधिकारियों का मानना था कि अगर आसपास चकरोड, नाली या फिर सार्वजनिक जगह पर कब्जा कर मकान बनाया गया होता, तो आसानी से बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त किया जा सकता था। नापजोख में सामने आया कि गाट संख्या 586 पर अशोक कुमार यादव के नाम खतौनी में दर्ज खेत पर मकान का निर्माण कार्य कराया है। यह जमीन पैतृक है।
इससे अब राजस्व टीम और पुलिस अधिकारी मकान ध्वस्त करने का आधार खोजने में जुट गए। एसडीएम उमाकांत तिवारी ने बताया कि गांव धरनीधरपुर नगरिया में सरकारी जमीनों पर सर्वेक्षण का काम चल रहा है। अगर किसी ने सरकारी जमीन पर कब्जा किया है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साभार जेएनएन।
![]() |
फाइल फोटो |
रिपोर्ट: अमित कुमार सिंह
जर्नलिस्ट
parmartimes@gmail.com
एक टिप्पणी भेजें