जौनपुर। केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि जौनपुर का विकास मुंबई की तरह कराया जाएगा। नए उद्योग स्थापित किए जाएंगे। जौनपुर के उद्यमियों ने महाराष्ट्र में निवेश किया है।
इन उद्यमियों से अपने जिले में निवेश करने को कहा गया है। इससे जनपद के साथ गांव के गरीब और किसान समृद्ध होंगे। देश वैभवशाली बनेगा। यूपी को जल्द ही पांच लाख करोड़ की नई सौगात दी जाएगी। दो लाख करोड़ से 10 ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे ही बनाए जाएंगे।
केंद्रीय मंत्री ने शुक्रवार को जौनपुर और मिर्जापुर में 17,750 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, लोकार्पण किया। अकेले जौनपुर को दस हजार करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात दी, फिर बीआरपी इंटर कॉलेज मैदान जनसभा करके मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दस वर्षों में सात हजार किलोमीटर नए राष्ट्रीय राजमार्ग बने हैं, जो 2014 की तुलना में करीब दोगुना है। राष्ट्रीय राजमार्ग की कई परियोजनाएं 2024 में पूरी होंगी। 2024-25 में 80 हजार करोड़ रुपये से 3500 किलोमीटर सड़क निर्माण की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) बनाई जा रही है। सड़कों का जाल बिछने से यातायात सुगम होगा।
बोले- अब किसान अन्नदाता ही नहीं, ऊर्जादाता भी
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अब शहर ही नहीं, गांवों को भी स्मार्ट बनाया जाएगा। इसके लिए सबको आगे आना होगा। शहर की तर्ज पर ही गांवों में बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसका लाभ गांव में रहने वाले लोगों को मिलेगा। गांव स्मार्ट बनेंगे तो किसान भी समृद्ध होंगे।
देश के किसान ऊर्जा प्रदाता, कर्जमुक्त हों किसान
उन्होंने कहा कि देश के किसान अन्नदाता ही नहीं हैं। अब ऊर्जा प्रदाता भी हैं। किसान अन्न के साथ हवाई जहाजों के ईंधन भी बना रहे हैं। मेरे पास एक वाहन है, जो एथेनॉल से चलता है। एथेनॉल बनाने वाला किसान ही है। जो वाहन 100 रुपये लीटर पेट्रोल से चलते हैं, वो अगर 25 रुपये लीटर एथेनॉल से चलने लग जाएं जो कैसा रहेगा। किसानों को कर्जमुक्त होना चाहिए। उनके बच्चों को अच्छी शिक्षा और रोजगार मिलना चाहिए। साभार ए.यू।
फाइल फोटो |
रिपोर्ट:अमित कुमार सिंह
एडिटर इन चीफ(परमार टाईम्स)
parmartimes@gmail.com
एक टिप्पणी भेजें