आजमगढ़: दोस्त की बहन की शादी में गए युवक की पीट-पीटकर हत्या, साथी गंभीर रूप से घायल; इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम

आजमगढ़: दोस्त की बहन की शादी में गए युवक की पीट-पीटकर हत्या, साथी गंभीर रूप से घायल; इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम

आजमगढ़ (मेहनाजपुर): एक शादी समारोह की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब कुछ अज्ञात हमलावरों ने दावत में आए युवकों पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में एक 20 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका एक साथी अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है। मृतक अपने घर का इकलौता चिराग था, जिसकी मौत के बाद से मां और दो छोटी बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद?
घटना मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के डंडवल गांव की है। तरवां क्षेत्र के किशुनदासपुर निवासी अगस्त त्रिपाठी के यहां से बारात डंडवल आई थी। आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण लहुआ कला नसीरपुर की रहने वाली युवती का विवाह उसके नाना लालजी दुबे के घर से संपन्न कराया जा रहा था।
युवती के भाई गौरव पाण्डेय ने इस शादी में देवगांव थाना क्षेत्र के सराय निवासी अपने दोस्त आनंद राजभर को आमंत्रित किया था। बताया जा रहा है कि शादी में भोजन के दौरान आनंद का कुछ स्थानीय लोगों से किसी बात पर विवाद हो गया। माहौल बिगड़ता देख आनंद ने सुरक्षित घर लौटने के लिए अपने गांव से कुछ दोस्तों को मदद के लिए बुला लिया।
घात लगाकर बैठे हमलावरों ने किया हमला
आनंद का फोन आने पर देवगांव कोतवाली क्षेत्र के सराय गांव से प्रीतेश राजभर (20) और ओटू राजभर (26) मौके पर पहुंचे। लेकिन जैसे ही वे गांव में दाखिल हुए, पहले से घात लगाकर बैठे अज्ञात बदमाशों ने उन पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से अचानक हमला कर दिया।
इस हमले में प्रीतेश और ओटू लहूलुहान होकर वहीं गिर गए। दोनों को आनन-फानन में पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया।
रास्ते में तोड़ा दम, मां का इकलौता सहारा छीना
प्रीतेश की हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर एक से दूसरे अस्पताल भागते रहे, लेकिन आखिरकार रास्ते में ही प्रीतेश ने दम तोड़ दिया।
दुखों का पहाड़: मृतक प्रीतेश के पिता सुनील राजभर का पहले ही देहांत हो चुका था। वह अपनी मां का इकलौता बेटा और दो छोटी बहनों का इकलौता भाई था। उसकी मौत की खबर सुनते ही पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया है। वहीं, गंभीर रूप से घायल दूसरे युवक ओटू राजभर का इलाज लालगंज के संयुक्त चिकित्सालय में चल रहा है।

परिजनों का हंगामा, जांच में जुटी पुलिस
युवक की मौत की खबर मिलते ही आक्रोशित परिजन और ग्रामीण भारी संख्या में मेहनाजपुर थाने पहुंच गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में टीमें रवाना कर दी हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

फाइल फोटो 

रिपोर्ट:अमित कुमार सिंह
एडिटर इन चीफ(परमार टाईम्स)
parmartimes@gmail.com

0/Post a Comment/Comments

और नया पुराने