आजमगढ़। जनपद के मेंहनाजपुर थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान भोजन को लेकर हुए मामूली विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या करने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर एक मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिरफ्तार आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है और उसके खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर और एनडीपीएस सहित कुल 7 गंभीर मामले दर्ज हैं।
भोजन के विवाद में चली गई थी जान
पुलिस के अनुसार, बीती 7 जुलाई की रात मेंहनाजपुर के ग्राम डण्डवल में एक शादी समारोह का आयोजन था। यहाँ भोजन करने की बात को लेकर कुछ युवकों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि मुख्य आरोपी अजीत यादव उर्फ भन्टा ने अपने भाई आशीष यादव व अन्य साथियों के साथ मिलकर प्रितोष राजभर और ओटू राजभर पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इस मारपीट में प्रितोष के सिर पर गंभीर चोट आई, जिसने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मृतक की मां चन्द्रकला की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।
करसड़ा नहर पुलिया के पास हुई मुठभेड़
मेंहनाजपुर पुलिस टीम बीती रात चेकिंग पर थी। इसी दौरान रात करीब 01:40 बजे करसड़ा नहर पुलिया के पास पुलिस ने एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देख आरोपी भागने लगा, लेकिन उसकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे फिसल गई।
खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग झोंक दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई नियंत्रित जवाबी कार्रवाई में आरोपी अजीत यादव उर्फ भन्टा (29 वर्ष) के दाहिने पैर में गोली लगी और वह वहीं गिर गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।
अवैध असलहा और कारतूस बरामद
पुलिस ने घायल अभियुक्त के पास से निम्नलिखित सामान बरामद किया है:
01अददअवैध देशी तमंचा (.315 बोर)05 अददकारतूस (1 जिंदा, 1 मिस और 3 खोखा कारतूस,01 अददमोटरसाइकिल।
आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास
पकड़ा गया आरोपी अजीत यादव उर्फ भन्टा पुत्र हीरा लाल यादव (निवासी ग्राम डण्डवल) एक हिस्ट्रीशीटर प्रवृत्ति का अपराधी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ वर्ष 2020 से लेकर अब तक मारपीट, बलवा, जानलेवा हमला, मादक पदार्थों की तस्करी (NDPS एक्ट) और अवैध हथियार रखने जैसे कुल 7 संगीन मामले दर्ज हैं।
पुलिस टीम को मिली सराहना
24 घंटे के भीतर हत्यारोपी को मुठभेड़ में गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अखिलेश कुमार सिंह, उ0नि0 अमित कुमार पाल, उ0नि0 प्रशान्त पाण्डेय, उ0नि0 विक्रान्त मिश्रा, उ0नि0 हरिशंकर यादव सहित अन्य आरक्षी शामिल रहे। उच्चाधिकारियों ने पुलिस टीम की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।
![]() |
| पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार आरोपी |
रिपोर्ट:अमित कुमार सिंह
एडिटर इन चीफ(परमार टाईम्स)
parmartimes@gmail.com

एक टिप्पणी भेजें