मेहनाजपुर थाने पर आयोजित हुआ समाधान दिवस, 20 फरियादों में 5 का मौके पर निस्तारण

मेहनाजपुर थाने पर आयोजित हुआ समाधान दिवस, 20 फरियादों में 5 का मौके पर निस्तारण

आजमगढ़। जन समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए शासन स्तर से चलाई जा रही महत्वाकांक्षी योजना के तहत शनिवार को जनपद के मेहनाजपुर थाने पर समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का प्रयास किया।

जनसुनवाई करते अधिकारी

सुबह से ही थाने परिसर में फरियादियों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था। इस बार समाधान दिवस में कुल 20 शिकायतें / प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। प्राप्त शिकायतों में अधिकांश मामले भूमि विवाद, चकरोड पर अवैध कब्जा, वरासत, पैमाइश और आपसी विवाद से संबंधित रहे। अधिकारियों ने गंभीरता से प्रत्येक प्रार्थना पत्र को सुना।

मौके पर ही 5 मामलों में दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौता कराकर और राजस्व अभिलेखों के आधार पर निस्तारण कर दिया गया। इससे फरियादियों के चेहरे पर संतोष दिखा। वहीं शेष 15 मामलों के निस्तारण के लिए पुलिस और राजस्व की संयुक्त टीमों का गठन किया गया है। अधिकारियों ने संबंधित लेखपाल और हल्का दरोगा को निर्देशित किया है कि वे मौके पर जाकर जांच कर नियमानुसार शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें।

समाधान दिवस पर थानाध्यक्ष मेहनाजपुर अखिलेश कुमार सिंह ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य जनता को उनके गांव-देहात के नजदीक ही न्याय दिलाना है, ताकि ग्रामीणों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए तहसील और जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि उनकी हर शिकायत पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।

वहीं राजस्व विभाग की ओर से मौजूद कानूनगो शेषनाथ यादव और छविनाथ ने कहा कि भूमि से जुड़े सभी विवादों का निस्तारण पूरी पारदर्शिता और अभिलेखों के आधार पर किया जा रहा है। उन्होंने लेखपालों को निर्देश दिया कि वे लंबित मामलों को प्राथमिकता पर निपटाएं।

इस अवसर पर थाने के उप निरीक्षक बेचू प्रसाद यादव, उप निरीक्षक अमित पॉल, उप निरीक्षक परमहंस मौर्य, उप निरीक्षक भरत प्रसाद, उप निरीक्षक महेंद्र सिंह समेत पुलिस स्टाफ मौजूद रहा। राजस्व विभाग से लेखपाल अजीत सिंह, रोहित राजोरिया, गौरव सिंह, सुरेश यादव, संतोष कुमार सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान शांति व्यवस्था बनी रही।

फाइल फोटो 

रिपोर्ट:अमित कुमार सिंह
एडिटर इन चीफ(परमार टाईम्स)
parmartimes@gmail.com

0/Post a Comment/Comments

और नया पुराने