आजमगढ़। सावन के पवित्र महीने के दूसरे सोमवार को मेहनाजपुर बाजार स्थित ऐतिहासिक शिवालय मंदिर आस्था और भक्ति के केंद्र में तब्दील हो गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों का तांता लग गया। "हर-हर महादेव" और "बम-बम भोले" के जयघोष से पूरा बाजार और मंदिर परिसर शिवमय हो उठा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सावन के इस पावन अवसर पर भगवान भोलेनाथ को जल चढ़ाने के लिए सिर्फ मेहनाजपुर कस्बा ही नहीं, बल्कि आसपास के दर्जनों गांवों - दूर-दराज के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में शिवभक्त पहुंचे। भक्तों में युवाओं, बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों में गजब का उत्साह देखने को मिला।
प्राचीन है मंदिर का इतिहास
स्थानीय लोगों के अनुसार यह शिवालय मंदिर अत्यंत प्राचीन है। बुजुर्गों का कहना है कि यह मंदिर सैकड़ों वर्ष पुराना है और इसकी बड़ी मान्यता है। कहा जाता है कि यहां सच्चे मन से मांगी गई हर मुराद भगवान शिव पूरी करते हैं। यही कारण है कि यहां सिर्फ सावन में ही नहीं, बल्कि महाशिवरात्रि और अन्य पर्वों पर भी भारी भीड़ उमड़ती है।
मंदिर की एक और विशेषता यह है कि यह केवल पूजा-पाठ का ही केंद्र नहीं है, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों का भी मुख्य स्थल है। यहां पूरे वर्ष मुंडन संस्कार, जनेऊ, शादी-ब्याह से संबंधित रस्में और अन्य मांगलिक आयोजन होते रहते हैं। मंदिर परिसर में पर्याप्त जगह होने के कारण लोग अपने पारिवारिक कार्यक्रम भी यहीं संपन्न कराते हैं।
भोर 4 बजे से लगी कतार
मंदिर के पुजारी ने बताया कि सावन के दूसरे सोमवार को लेकर भक्तों में खासा उत्साह था। भोर करीब 4 बजे से ही भक्त लोटे में गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, फूल-माला लेकर मंदिर में आना शुरू कर देते हैं । मंदिर के पट खुलते ही जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हो गया जो देर शाम तक अनवरत चलता रहा। कई भक्त कांवड़ में जल भरकर पैदल चलकर बाबा का जलाभिषेक करने पहुंचे थे।
महिलाओं ने भगवान शिव को जल चढ़ाकर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और पति की लंबी उम्र की कामना की, तो युवाओं ने बेहतर भविष्य की प्रार्थना की।
चाक-चौबंद रही सुरक्षा व्यवस्था
सावन के सोमवार पर संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह से सतर्क नजर आया। शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मेहनाजपुर थाने की पुलिस बल मंदिर परिसर में तैनात रही।
इस दौरान मेहनाजपुर थाने के उप निरीक्षक बेचू प्रसाद यादव मय हमराह आरक्षी दल के साथ मौके पर मौजूद रहे और लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। पुलिस की इस मुस्तैदी से भक्तों ने बिना किसी परेशानी के सुगमता से दर्शन और जलाभिषेक किया।
कुल मिलाकर सावन के दूसरे सोमवार पर मेहनाजपुर का शिवालय मंदिर भक्ति, आस्था और उल्लास का अद्भुत संगम बना रहा।
![]() |
| फाइल फोटो |
रिपोर्ट:अमित कुमार सिंह
एडिटर इन चीफ(परमार टाईम्स)
parmartimes@gmail.com

एक टिप्पणी भेजें