आजमगढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा: दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, युवक की मौत, दो गंभीर

आजमगढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा: दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, युवक की मौत, दो गंभीर

मेहनाजपुर (आजमगढ़)। मेहनाजपुर-देवगांव मार्ग पर मंगलवार देर शाम चिल्लूपुर मोड़ के पास हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब आमने-सामने से आ रही दो बाइकों की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों पर सवार तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के के बरवा चकिया कसरावल गांव निवासी चंदन यादव (26) पुत्र रामाश्रय यादव मंगलवार को बाइक से लालगंज दवा लेने गए थे। दवा लेकर वह देर शाम अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मेहनाजपुर-देवगांव मार्ग पर चिल्लूपुर मोड़ के पास सामने से आ रही बाइक से उनकी आमने-सामने की टक्कर हो गई।

दूसरी बाइक पर मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के हैबतपुर दंडवल गांव निवासी विशाल प्रजापति (18) पुत्र ओमप्रकाश प्रजापति और सुदामा (22) पुत्र दीपचंद सवार थे। दोनों बाइकें आमने-सामने टकराने के बाद तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और तीनों घायलों को मेहनाजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर तीनों को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

परिजनों के अनुसार, चंदन यादव को उपचार के लिए पीजीआई चक्रपानपुर ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। चंदन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।

परिवार में मचा कोहराम

बताया गया कि मृतक चंदन यादव अपने परिवार में दो भाइयों और दो बहनों में दूसरे नंबर पर था। अचानक हुई मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में लोग परिजनों के घर पहुंचकर उन्हें ढांढस बंधाते रहे।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही मेहनाजपुर थाना प्रभारी अखिलेश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ उपनिरीक्षक विक्रांत मिश्रा, दीपक राय और प्रशांत पांडेय भी मौजूद रहे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही दुर्घटना से संबंधित आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। हादसे में घायल दोनों युवकों का उपचार हायर सेंटर में कराया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्राप्त तहरीर के आधार पर की जाएगी।

चंदन यादव (26),फाइल फोटो 

रिपोर्ट:अमित कुमार सिंह
एडिटर इन चीफ(परमार टाईम्स)
parmartimes@gmail.com

0/Post a Comment/Comments

और नया पुराने