शम्भूगंज में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, भारत माता के जयकारों से गूंजा बक्सा क्षेत्र

शम्भूगंज में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, भारत माता के जयकारों से गूंजा बक्सा क्षेत्र

जौनपुर। हर घर तिरंगा अभियान के तहत मंगलवार को बक्सा थाना क्षेत्र के शम्भूगंज कस्बे में देशभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज शम्भूगंज के छात्र-छात्राओं ने एनसीसी कैडेट्स के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली।

हाथों में तिरंगा थामे और देशभक्ति के तरानों के साथ निकले विद्यार्थियों ने देश की एकता, अखंडता और गौरव को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लिया।

विद्यालय परिसर से शुरू हुई यह तिरंगा यात्रा चटपटैला और शम्भूगंज कस्बे की प्रमुख गलियों व बाजारों से होते हुए गुजरी। इस दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा लगाए गए 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम्' के गगनभेदी जयघोष से पूरा कस्बा देशभक्ति के रंग में रंग गया। यात्रा को देख स्थानीय लोगों में भी राष्ट्रप्रेम का उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्रद्धानंद श्रीवास्तव ने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान का मुख्य उद्देश्य जन-जन में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को जागृत करना है। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं से देश की एकता को बनाए रखने का आह्वान किया।

इस दौरान शैलेंद्र प्रताप सिंह, दिलीप कुमार सिंह, उमाशंकर सिंह, अजय प्रताप सिंह, देवेंद्र प्रताप सिंह, मनोज कुमार सिंह, अतुल कुमार सिंह, नीरज कुमार, अवनीश कुमार यादव सहित विद्यालय के समस्त अध्यापकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

फाइल फोटो 

रिपोर्ट:अमित कुमार सिंह
एडिटर इन चीफ(परमार टाईम्स)
parmartimes@gmail.com

0/Post a Comment/Comments

और नया पुराने