आजमगढ़। सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों और भ्रामक व आक्रामक पोस्ट के खिलाफ आजमगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन वज्रपात के तहत कार्रवाई तेज कर दी है। मेहनाजपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक गतिविधियों के मामलों में तीन युवकों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा, जबकि झुंड बनाकर वीडियो बनाने वाले आठ युवकों को थाने लाकर समझाइश दी गई।
![]() |
| फाइल फोटो |
थानाध्यक्ष मेहनाजपुर अखिलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में सोशल मीडिया पर बढ़ रही गैंग संस्कृति एवं भ्रामक-आक्रामक पोस्ट के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है।
गोपालपुर से तीन गिरफ्तार
अभियान के दौरान ग्राम गोपालपुर में सोशल मीडिया पर आक्रामक एवं भ्रामक पोस्ट प्रसारित करने के मामले में पुलिस ने सचिन चौहान पुत्र रामनवल चौहान (22), अनुज चौहान पुत्र चन्द्रबली चौहान (21) और आनन्द चौहान पुत्र रामचरन चौहान (20) को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, तीनों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170, 126 एवं 135 के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया।
बहलोलपुर में समझाइश और माफीनामा
इसी क्रम में ग्राम बहलोलपुर में सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं आक्रामक पोस्ट करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भी पुलिस ने कार्रवाई की। संबंधित लोगों को थाने पर समझाया-बुझाया गया तथा भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत देते हुए माफीनामा कराया गया।
झुंड बनाकर वीडियो बनाने वालों को दी हिदायत
थाना क्षेत्र में आठ युवकों द्वारा झुंड बनाकर वीडियो बनाए जाने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने सभी को थाने पर बुलाया। युवकों को सोशल मीडिया के माध्यम से आपत्तिजनक अथवा भ्रामक गतिविधियां न करने की समझाइश दी गई। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई।
पुलिस की सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर
पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने वाली पोस्ट, भ्रामक एवं आक्रामक सामग्री तथा समूह बनाकर की जाने वाली आपत्तिजनक गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। ऑपरेशन वज्रपात के तहत ऐसी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
![]() |
| फाइल फोटो |
रिपोर्ट:अमित कुमार सिंह
एडिटर इन चीफ(परमार टाईम्स)
parmartimes@gmail.com


एक टिप्पणी भेजें